साउथ इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे हैं। पहले खबर आई थी कि दोनों 2 फरवरी को शादी करने वाले हैं, लेकिन बाद में यह अफवाह साबित हुई। अब नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कपल फरवरी के आखिर में उदयपुर में शादी की तैयारी कर रहा है, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। तेलुगु मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Netflix ने इस जोड़े को उनकी शादी के एक्सक्लूसिव स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए करीब 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था। कहा जा रहा है कि इस डील के जरिए फैंस को उनकी भव्य शादी को ओटीटी पर देखने का मौका मिल सकता था। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार कपल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
बताया जा रहा है कि मशहूर हस्तियों की शादियों के फुटेज से जुड़े पिछले कानूनी विवादों को देखते हुए दोनों अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर जब पैपराजी ने रश्मिका से शादी को लेकर सवाल किया तो वह मुस्कुराते हुए टालती नजर आईं और अनजान बनने की कोशिश की।
गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेत्री नयनतारा और फिल्म निर्माता विग्नेश शिवन ने अपनी शादी की फिल्म के अधिकार नेटफ्लिक्स को 25 करोड़ रुपये में बेचे थे।





