जांजगीर-चांपा जिले के राहौद नगर में एक किसान से सरेआम लूट की वारदात सामने आई है। बैंक से पैसा निकालकर घर लौट रहे किसान से बाइक सवार दो युवकों ने करीब ढाई लाख रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, किसान पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री की रकम निकालकर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और नकदी से भरा बैग छीनकर कुछ ही मिनटों में भाग निकले।
घटना की खबर मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।





