छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सख्त समीक्षा | कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव का सघन निरीक्षण, सुधार हेतु समय-सीमा तय

|

नितेश मार्क/भास्कर दूत

दंतेवाड़ा, 13 फरवरी 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण, सुदृढ़ एवं जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आज जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई से लेकर ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, एसएनसीयू, लैब, औषधि भंडारण कक्ष एवं विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
कलेक्टर ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि रोगी के दृष्टिकोण से स्व-मूल्यांकन कर व्यवस्थाओं की कमियों की पहचान की जाए और उनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वार्डवार निरीक्षण के दौरान जिन कक्षों में मरम्मत की आवश्यकता पाई गई, वहां शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) एवं प्रसव कक्ष में समय से पूर्व जन्मे शिशुओं के मामलों का उत्पत्ति स्थान के आधार पर पृथक संधारण सुनिश्चित करने को एक महत्वपूर्ण प्रबंधन सुधार के रूप में लागू करने के निर्देश भी दिए गए। इससे नवजात शिशु देखभाल प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान फिजियोथेरेपी सेवाओं को विस्तार देने हेतु आउटरीच कैंप शीघ्र प्रारंभ करने तथा ब्लॉकवार फिजियोथेरेपी चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रीय कार्य का नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया तथा बारसूर निवासी अजन्ती नाग की पुत्री चैतन्या नाग के उपचार की स्थिति की भी जानकारी ली।
अंत में कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता, आवश्यक मरम्मत कार्यों की त्वरित पूर्णता तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान डीपीएम प्रतीक सोनी, डॉ. प्रियंका सक्सेना, अस्पताल सलाहकार चंद्रशिलापुरम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts