छत्तीसगढ़

बोर्ड से पहले बड़ा झटका! 1400 छात्रों का साल बर्बाद, 75% अटेंडेंस नियम बना वजह

रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से पहले सख्त कदम उठाते हुए 75% अनिवार्य उपस्थिति नियम लागू किया है। इसी नियम के चलते इस साल 1400 से अधिक छात्र मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।

मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार, कुल 1413 विद्यार्थियों की उपस्थिति निर्धारित सीमा से कम रही। इनमें कक्षा 10वीं के 1063 और कक्षा 12वीं के 350 छात्र शामिल हैं। कम अटेंडेंस के कारण इन छात्रों का साल बैक हो गया है और अब वे अगले सत्र में ही परीक्षा दे सकेंगे।

परीक्षा कार्यक्रम जारी

हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित होगी। इस कक्षा में 3,20,535 छात्र पंजीकृत हैं और उनके लिए 2510 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
वहीं हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगी। इसमें 2,45,785 छात्र पंजीकृत हैं और 2395 केंद्र बनाए गए हैं।

दिव्यांग और घायल छात्रों के लिए राहत

मंडल ने दिव्यांग एवं दुर्घटना ग्रस्त छात्रों के लिए अलग व्यवस्था की है। जिन विद्यार्थियों को लिखने में दिक्कत है या हाथ-पैर में फ्रैक्चर जैसी समस्या है, उनके लिए लेखक की सुविधा दी जाएगी। साथ ही दुर्घटना प्रभावित एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अलग विशेष परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं।

नियम पहले से लागू

शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि नियमित छात्रों के लिए 75% उपस्थिति अनिवार्य है। केवल गंभीर चिकित्सा कारणों में, वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर ही राहत दी जा सकती है। जिला शिक्षा अधिकारियों को उपस्थिति की नियमित समीक्षा और अभिभावकों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts