आईआरसीटीसी श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए विशेष ज्योतिर्लिंग यात्रा शुरू कर रहा है। यह 8 रात और 9 दिन का धार्मिक टूर 11 मार्च को भागलपुर से रवाना होगा और गया स्टेशन होते हुए आगे बढ़ेगा। गया और आसपास के जिलों के लोगों के लिए यह एक शानदार अवसर है, जिसमें एक ही पैकेज में कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
आईआरसीटीसी के गया जंक्शन अधिकारी ने बताया कि, यह यात्रा ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से लोगों को जोड़ना और घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
इन पवित्र स्थलों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन के महाकालेश्वर, मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर, गुजरात के सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारका के द्वारकाधीश मंदिर तथा अहमदाबाद के अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। इन सभी स्थानों का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष माना जाता है।
किराया और सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा के लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं:
इकोनॉमी क्लास – ₹18,850
स्टैंडर्ड क्लास – ₹33,995
कंफर्ट क्लास – ₹41,990
पैकेज में ठहरने की व्यवस्था, भोजन (नाश्ता, दोपहर और रात का खाना), स्थानीय भ्रमण के लिए बस सेवा, प्रशिक्षित टूर गाइड, भजन-संध्या और धार्मिक कार्यक्रम शामिल होंगे। सुरक्षा, साफ-सफाई और चिकित्सा सहायता की भी पूरी व्यवस्था रहेगी। पूरी यात्रा टूर मैनेजर की निगरानी में संचालित की जाएगी।
सीमित सीटों को ध्यान में रखते हुए इच्छुक यात्री जल्द से जल्द गया जंक्शन स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय से संपर्क कर बुकिंग करा सकते हैं। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करने का प्रयास है।





