देश

मुंबई में बनी अनोखी ‘म्यूजिकल रोड’,स्पीकर नहीं, सड़क खुद बजा रही है गाना… 60-80 की स्पीड पर सुनाई देगा ‘जय हो’

मुंबई की सड़कों पर अब ड्राइविंग का अनुभव और भी खास हो गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने शहर में देश की पहली ‘म्यूजिकल रोड’ की शुरुआत की है। इस सड़क पर चलते समय कार का म्यूजिक सिस्टम बंद होने के बावजूद गाड़ी के अंदर मशहूर गीत ‘जय हो’ की धुन सुनाई देती है।

यह अनोखा प्रयोग छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड पर नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाले हिस्से में किया गया है। करीब 500 मीटर लंबे इस खास ट्रैक पर यदि वाहन 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलता है, तो ए.आर. रहमान का ऑस्कर विजेता गीत ‘जय हो’ सुनाई देने लगता है।

दरअसल, सड़क पर विशेष प्रकार के रम्बल स्ट्रिप्स यानी खांचे बनाए गए हैं। इनकी गहराई और आपसी दूरी को गणितीय रूप से सेट किया गया है। जब गाड़ी के टायर इनके ऊपर से गुजरते हैं, तो खास तरह की कंपन पैदा होती है। यही कंपन कार के भीतर संगीत जैसी ध्वनि में बदल जाती है। अगर वाहन की स्पीड निर्धारित सीमा से कम या ज्यादा होगी, तो धुन साफ सुनाई नहीं देगी।

इस पहल का मकसद केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि ड्राइवरों को निर्धारित गति बनाए रखने और सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना भी है। इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन बुधवार 11 फरवरी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts