मनोरंजन

संडे दर्शन का वीडियो बना खास, अमिताभ बच्चन ने पड़ोसी फैन को ‘जलसा’ बुलाया

अमिताभ बच्चन पिछले चालीस साल से हर रविवार अपने घर ‘जलसा’ के बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं। इस परंपरा को निभाते हुए वे लगातार फैंस से मिलते रहे हैं। हाल ही में इस संडे दर्शन से जुड़ा एक वीडियो उनके पड़ोसी के लिए यादगार पल बन गया।

जुहू में ‘जलसा’ के पास रहने वाले निर्मित जेसरानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें हर रविवार बिग बी की एक झलक पाने के लिए जुटने वाली भीड़ को दिखाया गया था। वीडियो में उन्होंने अमिताभ बच्चन की सादगी और फैंस के प्रति उनके समर्पण की भी सराहना की। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो देखने के बाद अमिताभ बच्चन की टीम ने निर्मित से संपर्क किया और उन्हें 9 फरवरी 2026 को ‘जलसा’ में मुलाकात के लिए आमंत्रित किया। तय समय पर निर्मित बिग बी से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसमें उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ फोटो और ऑटोग्राफ लेते देखा जा सकता है। निर्मित ने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताया।

मुलाकात के दौरान जब निर्मित ने अभिनेता के पैर छूने की कोशिश की, तो बिग बी ने उन्हें विनम्रता से रोक दिया। उन्होंने सहजता से बातचीत की और तस्वीरें खिंचवाईं।

साल 1982 से चली आ रही ‘संडे दर्शन’ की परंपरा आज भी कायम है। हर हफ्ते सैकड़ों प्रशंसक ‘जलसा’ के बाहर जुटते हैं और महानायक की एक झलक पाने के लिए उत्साहित रहते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में फिल्म ‘वेट्टैयान’ में नजर आए थे। आने वाले समय में वे ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल और कोर्टरूम ड्रामा ‘सेक्शन 84’ में दिखाई देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts