नई दिल्ली। स्मार्टफोन ब्रांड Realme भारत में अपने कुछ मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकता है। एक टिप्स्टर द्वारा साझा किए गए लीक पार्टनर नोटिस के मुताबिक, बढ़ती कॉम्पोनेंट लागत के चलते कंपनी 11 फरवरी से चुनिंदा डिवाइस महंगे करने की तैयारी में है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, Realme 15 5G और Realme 16 Pro 5G सीरीज की कीमतों में करीब 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि Realme 16 Pro+ 5G मॉडल 4,000 रुपये तक महंगा हो सकता है। लीक के मुताबिक, अलग-अलग रैम और स्टोरेज वेरिएंट्स की कीमतों में समान रूप से इजाफा देखने को मिल सकता है।
बताया जा रहा है कि मेमोरी, चिपसेट और अन्य हार्डवेयर कॉम्पोनेंट की लागत बढ़ने से कंपनी को प्राइसिंग एडजस्टमेंट करना पड़ सकता है।
इसी बीच यह भी खबर है कि खर्च कम करने के उद्देश्य से Oppo, Realme के इंडिया डिवीजन में कुछ स्टाफ कटौती कर रहा है। हालांकि Realme का कहना है कि ये बदलाव रूटीन ऑर्गेनाइजेशनल ऑप्टिमाइजेशन का हिस्सा हैं और इससे भारत में उसके प्रोडक्ट्स, रिटेल प्रेजेंस या सर्विस कमिटमेंट्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
फिलहाल उपभोक्ताओं को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, तभी कीमतों में संभावित बदलाव की पूरी तस्वीर साफ होगी।





