छत्तीसगढ़

अन्य प्रांत की अवैध मदिरा पर आबकारी का करारा प्रहार


|

नितेश मार्क/भास्कर दूत

दंतेवाड़ा में 36.49 लाख की नॉन-ड्यूटी पेड शराब जब्त, आरोपी फरार |

दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, 01 फरवरी 2026।
अन्य प्रांत से अवैध रूप से लाई जा रही मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 36 लाख 49 हजार 40 रुपये मूल्य की नॉन-ड्यूटी पेड शराब एवं वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता एवं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशों के तारतम्य में जिला आबकारी अधिकारी दीपक कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन तथा संभागीय उड़नदस्ता बस्तर संभाग के विशेष सहयोग से की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर आबकारी टीम द्वारा दिनांक 01 फरवरी 2026 को तड़के लगभग 3:00 बजे आबकारी वृत्त दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम कुम्हाररास के पास सड़क से लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध वाहन को चिन्हित किया गया। मौके पर पहुंचकर जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में नॉन-ड्यूटी पेड, मध्यप्रदेश विक्रय हेतु मदिरा पाई गई। आबकारी टीम की भनक लगते ही वाहन में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान कुल 2820.96 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसमें 6000 नग (120 पेटी) गोवा व्हिस्की पाव 180 एमएल, 3072 नग (64 पेटी) रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की पाव 180 एमएल तथा कुल 2376 नग बियर (500 एमएल) शामिल है। जब्त मदिरा की कुल कीमत 16 लाख 49 हजार 40 रुपये आंकी गई है, जबकि प्रयुक्त वाहन का मूल्य लगभग 20 लाख रुपये बताया गया है। इस प्रकार जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 36 लाख 49 हजार 40 रुपये है।
अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(1)(क), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम कर मामला माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में विवेचक आबकारी उपनिरीक्षक योगेश मांझी तथा आबकारी आरक्षक दशरथ मंडावी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts