बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह ने हाल ही में जब प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की थी, तो उनके चाहने वालों को गहरा झटका लगा था। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए उनके पोस्ट ने फैंस को मायूस कर दिया था। हालांकि अरिजीत ने साफ किया था कि यह फैसला उन्होंने काफी सोच-समझकर लिया है।
इसी बीच रिटायरमेंट के ऐलान के कुछ ही दिनों बाद अरिजीत सिंह ने स्टेज पर वापसी कर फैंस को खुश कर दिया। रविवार रात कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में उन्होंने लाइव परफॉर्मेंस दी। यह परफॉर्मेंस मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के ‘चैप्टर्स टूर 2026’ का हिस्सा थी, जहां अरिजीत गेस्ट परफॉर्मर के तौर पर नजर आए।
जैसे ही अनुष्का शंकर ने अरिजीत को स्टेज पर बुलाया, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। स्टेज पर पहुंचते ही अरिजीत ने दर्शकों का अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए कहा कि वह काफी नर्वस महसूस कर रहे हैं। इस खास पल के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
परफॉर्मेंस के दौरान अरिजीत सिंह ने अनुष्का शंकर और तबला वादक बिक्रम घोष के साथ मिलकर ‘माया भोरा राती’ पेश किया। यह एक बांग्ला रचना है, जिसे मूल रूप से लक्ष्मी शंकर ने गाया था और इसका संगीत सितार वादक पंडित रवि शंकर ने तैयार किया था। अरिजीत सिंह की इस परफॉर्मेंस ने ऑडियंस को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद उन्होंने अनुष्का के साथ ‘ट्रेसेस ऑफ यू’ का ड्यूएट वर्जन भी गाया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। करीब 20 मिनट तक चली इस परफॉर्मेंस ने माहौल को भावुक और यादगार बना दिया।
शो के बाद अरिजीत ने यह भी बताया कि वह हाल ही में अनुष्का शंकर के घर गए थे, जहां दोनों ने साथ मिलकर एक नई धुन पर काम किया है। इस खुलासे से फैंस के बीच उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में दोनों की कोई खास म्यूजिकल पेशकश देखने को मिल सकती है।
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उनके इस फैसले पर जहां कुछ लोगों ने समर्थन जताया, वहीं कई फैंस ने निराशा भी जाहिर की। लेकिन कोलकाता में हुई इस सरप्राइज स्टेज वापसी ने एक बार फिर उनके चाहने वालों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।





