छत्तीसगढ़

आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल

बालोद जिले में जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने एवं आवास निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजमिस्त्री का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

जनपद पंचायत डौण्डी के ग्राम पंचायत गुदुम में आरसेटी बालोद के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों हेतु राजमिस्त्री प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण प्रारंभ होने के पूर्व हितग्राहियों की काउंसलिंग कर निर्धारित मापदण्डों के अनुसार चयन किया गया। चयनित सूची के अंतर्गत कुल 20 हितग्राहियों को प्रशिक्षक द्वारा आवास निर्माण को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप करने का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य न केवल आवास निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करना है, बल्कि हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए दक्ष बनाना भी है। उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 2 महिला हितग्राही भी राजमिस्त्री का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts