रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर साल 2025 की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही, लेकिन फिल्म के गानों ने भी दर्शकों के दिलों पर खास छाप छोड़ी। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी गाने ‘फा9ला’ ने, जिसने न सिर्फ लोकप्रियता हासिल की बल्कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने नाम कर ली।
इस गाने को बहरीन के मशहूर रैपर और म्यूजिशियन हुसाम असीम उर्फ फ्लिपराची ने आवाज दी है। ‘फा9ला’ की जबरदस्त सफलता के चलते फ्लिपराची ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
बिलबोर्ड अरबिया चार्ट पर ऐतिहासिक प्रदर्शन
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, ‘फा9ला’ ने बिलबोर्ड अरबिया चार्ट पर सबसे लंबे समय तक नंबर-1 पर रहने का रिकॉर्ड बनाया है। यह गाना बिलबोर्ड अरबिया के चार प्रमुख चार्ट्स—टॉप 100 आर्टिस्ट, हॉट 100 सॉन्ग्स, टॉप 50 अरेबिक हिप-हॉप और टॉप 50 खलीजी—में पहले स्थान पर रहा।
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई फिल्म धुरंधर में यह गाना अक्षय खन्ना पर फिल्माया गया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
फ्लिपराची ने जताई खुशी
अपनी इस बड़ी उपलब्धि पर फ्लिपराची ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि एक हिंदी फिल्म का गाना, जिसे उन्होंने किसी और भाषा में गाया, वह दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया और कई चार्ट्स में टॉप पर पहुंचा।
गौरतलब है कि धुरंधर अपनी थिएटर रिलीज के करीब आठ हफ्ते बाद अब नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम हो चुकी है, जहां फिल्म और इसके गाने एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में हैं।





