व्यापार

बजट 2026 : रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार, BSE-NSE में होगी सामान्य ट्रेडिंग

शेयर बाजार से जुड़े निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए अहम खबर है। केंद्रीय बजट 2026 के दिन, यानी 1 फरवरी को रविवार को BSE और NSE सामान्य रूप से खुले रहेंगे। आमतौर पर रविवार को बाजार बंद रहता है, लेकिन बजट की घोषणाओं पर बाजार की तत्काल प्रतिक्रिया को देखते हुए एक्सचेंजों ने पूरे दिन ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है।

ट्रेडिंग समय रहेगा सामान्य
NSE की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, 1 फरवरी को ट्रेडिंग का समय सामान्य दिनों की तरह सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगा। एक्सचेंजों का मानना है कि बजट से जुड़ी नीतिगत घोषणाओं पर निवेशकों को रीयल-टाइम में फैसले लेने का मौका मिलना चाहिए।

पहले भी खुल चुका है बाजार
यह पहली बार नहीं है जब बजट के दिन रविवार को बाजार खोला जा रहा हो। इससे पहले 2015, 2020 और 2025 में भी इसी तरह विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। बजट को लेकर बाजार में होने वाली तेज हलचल को देखते हुए यह परंपरा बनी हुई है।

वित्त मंत्री पेश करेंगी नौवां बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इस बजट में सरकार की आय-व्यय की स्थिति, राजस्व अनुमान और आने वाले वित्त वर्ष की योजनाओं का खाका रखा जाएगा।

पहले ही आ चुका है इकोनॉमिक सर्वे
बजट से पहले 29 जनवरी को इकोनॉमिक सर्वे 2026 जारी किया जा चुका है। इसमें देश की आर्थिक स्थिति, जीडीपी वृद्धि दर, राजकोषीय घाटे के लक्ष्य और निवेश से जुड़े रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई है। ऐसे में बजट का दिन न सिर्फ राजकोषीय नीतियों के लिए, बल्कि शेयर बाजार की दिशा तय करने के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts