ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेठा टोल प्लाजा के पास ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और एक युवक का शव इंजन में फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लंबा जाम लग गया।
कोहरा और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घना कोहरा और ट्रक की तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण रही। दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। टक्कर कार नंबर MP 07 ZF 5193 और ट्रक नंबर MP 07 2801 के बीच हुई। ट्रक ग्वालियर की ओर से आ रहा था, जबकि कार भिंड की तरफ से आ रही थी।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और थाना प्रभारी यशवंत गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग किया गया, तब जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका।
तीन मृतकों की पहचान, एक अज्ञात
हादसे में जान गंवाने वालों में ज्योति यादव (पत्नी हरि सिंह यादव, निवासी यादव मोहल्ला गोरमी), राहुल शर्मा (पुत्र किशन दत्त शर्मा, ग्राम मोरोली, थाना मेहगांव) और राजू प्रजापति (निवासी भिंड) की पहचान हो चुकी है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
परीक्षा देने जा रहा था छात्र
मृतकों में शामिल राहुल शर्मा बीएससी कृषि का छात्र था। वह गालियां स्थित कृषि महाविद्यालय में पढ़ता था और शुक्रवार को परीक्षा देने के लिए जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





