हरियाणा के पंचकूला जिले के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चार युवकों को लेकर जा रही थार गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की जानकारी बुधवार तड़के तब सामने आई, जब एक राहगीर ने खाई में गिरी गाड़ी देखी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 50 फीट गहरी खाई से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों का इलाज पंचकूला सेक्टर-6 स्थित जिला अस्पताल में जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक की पहचान पंचकूला सेक्टर-15 निवासी 22 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अंबाला सिटी निवासी 28 वर्षीय ललित, 22 वर्षीय विवेक और एक अन्य 28 वर्षीय युवक शामिल है।
पुलिस के अनुसार सभी युवक मोरनी से पंचकूला लौट रहे थे, तभी ढलान पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और थार सड़क से फिसलकर 50 से 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। थाना चंडीमंदिर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने पहाड़ी इलाकों में सफर करने वालों से सतर्कता बरतने की अपील की है। तेज बारिश के चलते इन क्षेत्रों में फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।





