रायपुर में 29 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, मेले का आयोजन प्रतियोगी परीक्षाओं के तर्ज पर पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब छत्तीसगढ़ में किसी रोजगार मेले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तरह एडमिट कार्ड के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
इस बार रोजगार मेले में अव्यवस्था और भीड़ की समस्या से बचने के लिए केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया है। करीब 15 हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
एडमिट कार्ड से मिलेगी एंट्री
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को पोर्टल के माध्यम से प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी अपनी योग्यता और पसंदीदा कंपनी चुनने के बाद यह जान सकेंगे कि उनका इंटरव्यू किस दिन, किस समय और किस कक्ष में होगा, जिससे उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
56 हजार से ज्यादा युवाओं ने कराया पंजीकरण
रोजगार मेले को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 20 जनवरी तक 56,608 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। सबसे ज्यादा आवेदन बिलासपुर जिले (5,211) से आए हैं। इसके बाद दुर्ग (4,142) और रायपुर (4,092) का स्थान है।
45 से अधिक कंपनियां करेंगी चयन
मेले में निजी क्षेत्र की 45 से ज्यादा प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और मौके पर ही योग्य युवाओं का चयन करेंगी। रोजगार विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि बिना एडमिट कार्ड किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा, जिसे ई-रोजगार पोर्टल या मोबाइल ऐप से डाउनलोड किया जा सकेगा।
तीन दिन, अलग-अलग जिलों के लिए तय तारीख
भीड़ प्रबंधन के लिए जिलावार तिथियां तय की गई हैं। यह मेला शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सेजबहार में सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आयोजित होगा।
29 जनवरी: रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, गरियाबंद, कोरिया, एमसीबी और सक्ती
30 जनवरी: दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़
31 जनवरी: बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव और नारायणपुर





