वेनेजुएला में राजनीतिक कैदियों की रिहाई को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने इसे एक मजबूत मानवीय पहल बताते हुए कहा कि कैदियों को छोड़ने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आएगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि वेनेजुएला द्वारा राजनीतिक कैदियों की रिहाई एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने इस फैसले के लिए देश के नेतृत्व का धन्यवाद भी किया और कहा कि इस सहयोग से हालात बेहतर दिशा में बढ़ रहे हैं।
यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब रविवार को वेनेजुएला में 100 से अधिक राजनीतिक कैदियों को रिहा किया गया। एक गैर-सरकारी संगठन के अनुसार, कुल 104 कैदी छोड़े गए हैं। इससे पहले उसी दिन करीब 80 कैदियों की रिहाई की खबर भी सामने आई थी। संगठन का कहना है कि अमेरिका के दबाव में यह प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है और आगे संख्या और बढ़ सकती है।
इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी विशेष बलों द्वारा वामपंथी नेता निकोलस मादुरो को पकड़े जाने के बाद देश का राजनीतिक माहौल बदला है। इसके बाद डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाली और जेल में बंद मादुरो समर्थक विरोधियों को रिहा करने का आश्वासन दिया।
हालांकि रोड्रिग्ज ने यह भी कहा कि वेनेजुएला अपने आंतरिक मुद्दे खुद सुलझाएगा और किसी विदेशी दबाव में काम नहीं करेगा। अधिकारियों का दावा है कि, दिसंबर से अब तक 626 कैदियों को रिहा किया जा चुका है, लेकिन संगठन ने इससे कम संख्या दर्ज की है। इस बीच, कैदियों के परिजन जेलों के बाहर अपने अपनों की रिहाई का इंतजार कर रहे हैं, जबकि मानवाधिकार समूह इस प्रक्रिया की धीमी रफ्तार पर असंतोष जता रहे हैं।





