रायपुर। न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में होने वाले अहम टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से निहारा। टीम के जंगल भ्रमण की तस्वीरें प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर साझा कीं।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव ने बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया। खिलाड़ियों ने यहां वन्य जीवों को नजदीक से देखा और अभयारण्य की समृद्ध जैव-विविधता का अनुभव लिया।
रायपुर से लगभग 100–106 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले में स्थित यह अभयारण्य करीब 245 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां तेंदुआ, भालू, बायसन, काला हिरण, चिंकारा, चार सींग वाला मृग, उड़ने वाली गिलहरी और सियार जैसे वन्य जीव पाए जाते हैं। इसके साथ ही बुलबुल, तोते, गिद्ध, मोर, कठफोड़वा, किंगफिशर, बगुले और ड्रोंगो जैसे पक्षी भी इस क्षेत्र की खास पहचान हैं।
जंगल सफर के दौरान खिलाड़ियों ने प्रकृति के बीच कुछ सुकून के पल बिताए और मैच से पहले तरोताजा नजर आए।





