देश

डोडा में दर्दनाक हादसा: सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद, कई घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 7 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जो एक ऊंचाई पर स्थित चौकी की ओर जा रहे थे। रास्ते में चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद गाड़ी सीधे खाई में गिर गई। कुछ जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।

मुश्किल हालात में चला रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खराब मौसम और दुर्गम इलाके के बावजूद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उधमपुर एयरलिफ्ट किया गया। अस्पताल में भर्ती कुछ जवानों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

नेताओं ने जताया गहरा दुख

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डोडा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में 10 बहादुर जवानों के बलिदान से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, “मुख्यमंत्री ने भद्रवाह-चंबा रोड पर खन्नी टॉप में सेना के वाहन के साथ हुए दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही, तेजी से चलाए गए बचाव और राहत कार्यों की तारीफ की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और देश भर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts