खेल

शिखर धवन ने सोफी शाइन संग की सगाई, रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर दी खुशखबरी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है। धवन ने यह खुशखबरी सोशल मीडिया पर सगाई की खूबसूरत तस्वीरें साझा कर अपने फैंस को दी। तस्वीरों में कपल के हाथों में इंगेजमेंट रिंग साफ नजर आ रही है। पोस्ट सामने आते ही फैंस और क्रिकेट जगत से बधाइयों का तांता लग गया।

तस्वीरों के साथ शिखर धवन ने भावुक कैप्शन लिखा,
“एक जैसी मुस्कान से लेकर एक जैसे सपने। हमारी सगाई पर मिले प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए दिल से धन्यवाद। हमने हमेशा साथ रहने का फैसला किया है।”
बता दें यह शिखर धवन की दूसरी शादी होने जा रही है।

चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान आया था रिश्ता सुर्खियों में

शिखर धवन और सोफी शाइन को पहली बार ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान एक साथ देखा गया था। इसके बाद यह जोड़ी चर्चा में आ गई और कुछ समय बाद धवन ने अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि कर दी। तब से सोफी अक्सर धवन के सोशल मीडिया पोस्ट्स में नजर आने लगीं और दोनों की जोड़ी फैंस के बीच काफी पसंद की जाने लगी।

कौन हैं सोफी शाइन

सोफी शाइन एक सफल आयरिश प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है और कैसलरॉय कॉलेज, आयरलैंड से शिक्षा प्राप्त की। फिलहाल वह अबू धाबी में नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। ग्लैमरस लुक के बावजूद वह निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करती हैं।

क्रिकेट करियर और संन्यास

‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद ओपनर्स में से एक रहे हैं। उन्होंने 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं 2015 वनडे वर्ल्ड कप और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में धवन ने 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच खेले। अगस्त 2024 में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर अपने शानदार करियर को विराम दिया।

पहली शादी और निजी जीवन

शिखर धवन की पहली शादी 2012 में ऑस्ट्रेलिया की आयशा से हुई थी। उनका एक बेटा जोरावर है। हालांकि 2021 में दोनों के अलग होने की खबर सामने आई और 2023 में उनका तलाक हो गया। अब शिखर धवन अपने जीवन की नई पारी सोफी शाइन के साथ शुरू करने जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts