नितेश मार्क/रिपोर्ट
दंतेवाड़ा | भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल असरानी के प्रथम प्रवास के अवसर पर युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत बचेली एवं किरंदुल में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओम सोनी एवं एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री पीसे वेट्टी,एसटी मोर्चा जिला महामंत्री सोमड़ू कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बचेली एवं किरंदुल युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (BTOA) के साथियों ने भी अपने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं BTOA के उपाध्यक्ष राहुल असरानी का भव्य स्वागत किया। सभी ने फूल-मालाओं व जोरदार नारों के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
इसके पश्चात आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल असरानी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व और जिम्मेदारी का विषय है कि पार्टी ने उन्हें युवाओं का नेतृत्व करने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि बचेली एवं किरंदुल की धरती सदैव संघर्ष, मेहनत और संगठन की मजबूती के लिए जानी जाती रही है। यहाँ के कार्यकर्ताओं का उत्साह यह सिद्ध करता है कि आने वाले समय में युवा मोर्चा जिले में एक नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
असरानी ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ बताते हुए उन्होंने आह्वान किया कि सभी युवा साथी घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हुए सामाजिक, शैक्षणिक एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहना होगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवा मोर्चा जिला इकाई हर कार्यकर्ता के साथ खड़ी रहेगी और सभी के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बनाया जा सके।
प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर ने संगठन विस्तार व युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए भाजपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष ओम सोनी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर बल दिया।
वहीं एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष पीसे वेट्टी ने कहा कि जनजातीय समाज की भागीदारी से ही संगठन और अधिक सशक्त बनेगा तथा युवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय रहना होगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती,विजय सोढ़ी,जय भंसाली,जिला उपाध्यक्ष डि पि मिश्रा,नगरपालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदनी,भावना सक्सेना,नजमुल हक,अर्जुन भास्कर,धनसिंग नाग,विक्रम नहक,निखिल नाग,भूपेंद्र,रवि भदौरिया ,साजन सिंह,उद्देश्य,अर्नब चक्रवर्ती,करण बड़ी संख्या में युवा मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।




