छत्तीसगढ़

सरगुजा जिले में धान उपार्जन की तेज प्रगति, पारदर्शी व्यवस्था से किसानों को मिल रहा लाभ

प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष के अंतर्गत धान उपार्जन कार्य पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में भी प्रशासन की सतत निगरानी और डिजिटल व्यवस्थाओं के माध्यम से धान खरीदी एवं उठाव की प्रक्रिया निरंतर प्रगति पर है।

 

जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले में अब तक कुल 12,64,694.8 क्विंटल धान की खरीदी पूर्ण की जा चुकी है। वहीं 58,890 क्विंटल धान का उठाव भी सफलतापूर्वक किया गया है, जिससे उपार्जन केंद्रों पर भंडारण व्यवस्था संतुलित बनी हुई है।

 

जिले में धान उपार्जन के लिए कुल 60,330 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनमें से अब तक 22,439 किसान समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर चुके हैं। बड़ी संख्या में किसानों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि जिले में संचालित धान खरीदी व्यवस्था पर किसानों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

 

धान उपार्जन प्रक्रिया के साथ-साथ किसानों द्वारा रकबा समर्पण की कार्यवाही भी पारदर्शी ढंग से की जा रही है। अब तक 4,938 किसानों द्वारा कुल 226.41 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है। यह प्रक्रिया वास्तविक उत्पादन के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संतुलित बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।

 

जिला प्रशासन द्वारा सभी धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। टोकन प्रणाली, समयबद्ध भुगतान, नमी परीक्षण, बारदाना की उपलब्धता तथा पेयजल और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। शासन के मंशानुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय का पूर्ण लाभ मिले और पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल एवं भरोसेमंद बनी रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts