छत्तीसगढ़

धान खरीदी की लिमिट से नाराज किसानों ने सुकमा-दंतेवाड़ा मार्ग जाम किया

सुकमा। जिले के गादीरास धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी की तय लिमिट कम होने से किसानों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। नाराज किसानों ने सुकमा और दंतेवाड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक आवागमन बाधित रहा।

किसानों का कहना था कि उन्होंने खेती के लिए बैंक से कर्ज लिया है और खाद, बीज, दवा व मजदूरी पर भारी खर्च किया, लेकिन धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन केवल 600 क्विंटल धान ही खरीदा जा रहा है। इस रफ्तार से अधिकांश किसान सरकार की धान खरीदी योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगे। पिछले साल गादीरास केंद्र में लगभग 40 हजार क्विंटल धान खरीदी गई थी, जबकि इस साल अब तक केवल 5 हजार क्विंटल ही खरीदी जा पाई है।

किसानों ने मांग की कि धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए, खरीदी का समय बढ़ाया जाए और जरूरत पड़ने पर खरीदी के महीने में विस्तार किया जाए, ताकि सभी किसानों का धान खरीदा जा सके।

सड़क जाम की सूचना मिलने पर गादीरास पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने सड़क जाम खत्म किया और यातायात बहाल हुआ। हालांकि, किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुनः आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts