क्रांइमछत्तीसगढ़

लिंक एक्सप्रेस में चोरी और स्टेशन पर गांजा बरामदगी, जीआरपी की दो बड़ी कार्रवाइयाँ

लिंक एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। कोच नंबर बी-1 से चोरी हुए इस पर्स में करीब ₹2.50 लाख की ज्वेलरी, मोबाइल फोन और अन्य सामान रखा था। घटना की शिकायत पर रायपुर जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार ध्रुव पटेल, पिता लीलाधर पटेल, निवासी श्रीनगर रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन भक्ति पटेल विशाखापट्टनम से रायपुर की यात्रा कर रही थीं। ट्रेन के महासमुंद पहुंचने से पहले जब उन्होंने देखा तो बर्थ पर रखा पर्स गायब था। पर्स में मंगलसूत्र, अंगूठी सहित अन्य कीमती सामान था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।

रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 12 लाख रुपये का गांजा बरामद

दूसरी ओर, रायपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक भूपेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर में लावारिस बैग में मादक पदार्थ रखा है। सूचना पर शौचालय के पास खंभा नंबर 34 के नीचे एक लाल ट्रॉली सूटकेस और एक ग्रे-आसमानी पिट्ठू बैग बरामद किया गया।

यात्रियों से पूछताछ के बावजूद जब किसी ने बैग पर दावा नहीं किया, तो तलाशी ली गई। जांच में ट्रॉली सूटकेस से 8 पैकेट और पिट्ठू बैग से 5 पैकेट भूरे टेप में पैक गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन करने पर कुल 25 किलो 540 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹12.77 लाख आंकी गई है।

जीआरपी ने गांजा जब्त कर सील कर दिया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts