छत्तीसगढ़ का मौसम फिर बदलने वाला है। फिलहाल दितवाह तूफान का असर कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है, जिसके कारण राज्य में तापमान स्थिर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों में राज्य में ठंड बढ़ने लगेगी और तापमान 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है।
अभी सरगुजा सहित पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर है, लेकिन हवाओं की दिशा बदलने के बाद रात का पारा गिरने लगेगा। अनुमान है कि गुरुवार की रात से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच सकता है, जिससे ठंड का प्रभाव साफ महसूस होगा।
पिछले 24 घंटे में राज्य में दुर्ग में सबसे कम तापमान 9.5 डिग्री और अधिकतम 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
रायपुर का मौसम
रायपुर में सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद दिनभर आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





