रायपुर। महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि से प्रदेश की बेटियों में खेल के लिए नया उत्साह पैदा होगा और आने वाली पीढ़ियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। मुलाकात के दौरान संजू देवी ने भी अपने संघर्ष, जीवनयात्रा और खेल अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
कौन हैं संजू देवी?
कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की रहने वाली संजू देवी महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी हैं। ढाका (बांग्लादेश) में 17 से 24 नवंबर तक आयोजित वर्ल्ड कप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब भी हासिल किया।
मुलाकात के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस मुलाकात के समय युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। संजू देवी की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।





