राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 20 नवंबर को सरगुजा जिले के अंबिकापुर दौरे से पहले तैयारियों में तेजी आ गई है। शुक्रवार को सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा और पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विलास भोसकर, एसएसपी राजेश अग्रवाल सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि सरगुजा में किसी राष्ट्रपति का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 73 वर्ष पूर्व प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद पंडोनगर आए थे।
हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
अधिकारी दल ने सबसे पहले गांधी स्टेडियम में तैयार किए जा रहे हेलीपैड स्थल का अवलोकन किया। सुरक्षा मानकों की समीक्षा के साथ स्टेडियम से लगे भवनों का भी सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रपति के आगमन मार्ग, निर्धारित गेट, ग्रीन रूम और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
आवागमन मार्ग व ट्रैफिक प्लान की जांच
गांधी स्टेडियम से आकाशवाणी गेट, गांधी चौक सहित पूरे रूट का निरीक्षण किया गया। यातायात व्यवस्था, सड़क की स्थिति और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल का परीक्षण
इसके बाद पीजी कॉलेज ग्राउंड में बनाए जा रहे डोम और बैठक व्यवस्था का जायज़ा लिया गया। अतिथियों और आम जनता के लिए प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, ग्रीन रूम, स्टॉल, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था सहित सभी अहम तैयारियों की समीक्षा की गई।
कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
कमिश्नर दुग्गा ने सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें।





