रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभालने जा रहे हैं। वे विधायक पुरंदर मिश्रा और सह-प्रभारी लता उसेंडी के साथ पंचमपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा कि “नुआपाड़ा में भाजपा की बहुमत वाली जीत तय है, क्योंकि भाजपा विकास की गारंटी है।”
गौरतलब है कि नुआपाड़ा सीट दिवंगत बीजेडी विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद खाली हुई है। इस सीट पर 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना होगी। भाजपा ने उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है, जिनमें ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव, और विष्णुदेव साय शामिल हैं।
किसानों के मुद्दों पर भी सक्रिय सीएम साय
इस बीच, एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के खेत के रकबे को लेकर आई शिकायतों पर सीएम साय ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ई-केवाईसी में गड़बड़ी दूर करें और डुप्लीकेशन हटाएं। इस वर्ष पिछले साल से एक लाख अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। साथ ही धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी, जिसके लिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है।
बिहार दौरे में भी सियासी तेवर
सीएम साय ने बिहार में एनडीए प्रचार अभियान के दौरान कहा कि “राजद-कांग्रेस ने बिहार को सिर्फ भ्रष्टाचार दिया, लेकिन जनता आज भी पीएम मोदी के विकास मॉडल पर भरोसा कर रही है। एनडीए स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगा।”





