देश

बेंगलुरु के ट्रैफिक में फंस गई ट्रेन ! वायरल हुआ वीडियो तो रेलवे ने दी सफाई, बताया सच

ट्रैफ‍िक में आपने बस-कार और ट्रकों को फंसते देखा होगा, लेकिन बेंगलुरु में एक ट्रेन जाम में फंस गई. उसे निकालने के ल‍िए काफी देर तक रेलवे और पुल‍िस के कर्मचारी लगे रहे. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. और लोग चुटकी ले रहे हैं. पूछ रहे हैं क‍ि आख‍िर कब बेंगलुरु को जाम से मुक्‍त‍ि मिलेगी. वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने भी सफाई दी और पूरे मामले की हकीकत बताई.

बेंगलुरु अक्‍सर जाम की वजहों से चर्चा में रहता है. लोग घंटों-घंटों में फंसे रहते हैं. लेकिन सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में दावा क‍िया जा रहा है क‍ि आउटर रिंग रोड के पास मुन्नेकोला रेलवे फाटक पर इतना जाम लगा क‍ि ट्रेन को रोकना पड़ा. कई गाड़‍ियां रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई थीं. इसकी वजह से लेवल-क्रॉसिंग को नीचे नहीं लाया जा सका और तमाम गाड़‍ियां रेल ट्रैक पर फंस गईं. उन्‍हें निकलने तक ट्रेन को इंतजार करना पड़ा.

इंस्टाग्राम यूजर सुधीर चक्रवर्ती नाम के एक यूजर ने इसे शेयर क‍िया, उसके बाद तो यह एक्‍स, फेसबुक समेत कई प्‍लेटफार्म पर जमकर वायरल होने लगा. एक्‍स पर राजकुमार दूगड़ नाम के यूजर ने लिखा, ट्रेन बेंगलुरु के जाम में फंस गई. चौंक‍िए मत…यह सच है. हमें ‘बेंगलुरु सब रेल प्रोजेक्‍ट’ जल्‍द शुरू करना होगा. इससे पूरे शहर में 26 रेल क्रासिंग खत्‍म हो जाएंगी. कुछ यूजर्स ने लिखा, यह एक दिन का नहीं, रोज की बात है. एक ने लिखा-मैं तो अक्‍सर यही सीन देखता हूं. कई यूजर्स ने ट्रेन की चुटकी ली. लिखा-जब तुम गुजरती थी, तब हम इंतजार करते थे, आज तुम्‍हें इंतजार करते देखने में मजा आ रहा है.

हकीकत कुछ और ही…
वायरल वीडियो पर रेलवे ने तुरंत रिएक्‍ट क‍िया और पूरी सच्‍चाई बताई. लिखा- सोशल मीडिया में जो दावा क‍िया जा रहा है, वो गलत है. लोको पायलट ने एक धमाके की आवाज सुनी थी. इसल‍िए रेलवे क्रासिंग से पहले ट्रेन रोक दी. लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर ने पूरी ट्रेन को चेक क‍िया. जब क्‍लीयर हो गया क‍ि ट्रेन में कोई समस्‍या नहीं, तब जाकर इसे रवाना क‍िया गया. ट्रैफ‍िक जाम की वजह से ट्रेन नहीं रुकी. ऐसा सिर्फ एहत‍ियात के तौर पर क‍िया गया, ताक‍ि कोई खतरा न हो.

स‍िल‍िकॉन वैली में अक्‍सर रहता यही सीन
रेलवे ने बताया क‍ि जब गेटमैन को पता चला क‍ि ट्रेन अभी कुछ देर के ल‍िए रुकेगी, तो उसने रेलवे क्रॉसिंग को खोल दिया. चूंक‍ि रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ी संख्‍या में गाड़‍ियां थीं, इसल‍िए काफी देर तक गाड़‍ियां वहां फंसी रहीं. भारत की स‍िल‍िकॉन वैली के ल‍िए मशहूर बेंगलुरु ट्रैफ‍िक जाम की वजह से अक्‍सर चर्चा में रहता है. हाल ही में एक्‍स पर एक शख्‍स ने Google मैप्स स्क्रीनशॉट शेयर क‍िया था, और बताया था क‍ि पूरे शहर में एक ही वक्‍त कहां-कहां जाम लगा हुआ है.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts