Blog

तेलंगाना में बीजेपी अकेले ही लड़ेगी लोकसभा चुनाव, प्रदेश अध्यक्ष ने किसी भी दल से गठबंधन से किया इनकार

तेलंगाना विधानसभा चुनाव में बेशक बीजेपी को उतनी सीटें नहीं मिलीं, जितनी उसने उम्मीद की थी, लेकिन पार्टी ने इस बार पिछले चुनाव से बेहतर प्रदर्शन किया है. उसने इस बार 8 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि पिछली बार उसे सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली थी. इस प्रदर्शन से भारतीय जनता पार्टी काफी उत्साहित है. पार्टी ने अब तय किया है कि वह लोकसभा चुनाव में यहां की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी.

भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार (15 दिसंबर) को स्पष्ट किया कि पार्टी 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी. उन्होंने बीजेपी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में ये बातें कहीं. इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी मौजूद थे.

विधानसभा में सीटें बढ़ाने पर कैडर को दी बधाई

हाल ही में तेलंगाना विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद ऐसी अटकलें थीं कि भाजपा 2024 के आम चुनावों के लिए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से हाथ मिलाएगी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने फिलहाल ऐसी अटकलों पर विराम लगा दिया है. विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने नौ सीटों पर जन सेना पार्टी को समर्थन दिया था. रेड्डी ने पार्टी कैडर से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा और भाजपा की जीत के बारे में विश्वास जताया है.

उन्होंने कहा कि यहां भाजपा, कांग्रेस और बीआरएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने जा रहा है. पार्टी अध्यक्ष ने विधानसभा चुनावों के दौरान अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए कैडर को बधाई दी और उन्हें लोकसभा चुनावों तक लड़ाई की भावना बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया.

विकसित भारत संकल्प यात्रा में भी हुए शामिल

रेड्डी ने इसके बाद हैदराबाद में राज्य भाजपा कार्यालय में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा की तैयारी कार्यक्रम में भी भाग लिया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास को तेलंगाना के लोगों तक पहुंचाना है. इस यात्रा में केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल करने के अलावा उन लोगों का भी पंजीकरण किया जाएगा जिन्हें योग्यता होने के बावजूद अब तक कार्यक्रमों का लाभ नहीं मिला है.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts