अमेरिका में व्हाइट हाउस ने एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य लोगों तक सरकारी जानकारी सीधे पहुंचाना और पारंपरिक मीडिया के बजाय डायरेक्ट कम्युनिकेशन को बढ़ावा देना है।
इस ऐप में ‘न्यूज’ सेक्शन दिया गया है, जहां यूजर्स को सरकारी बयान और आधिकारिक अपडेट मिलेंगे। साथ ही फोटो गैलरी और सोशल मीडिया सेक्शन के जरिए व्हाइट हाउस की गतिविधियां एक ही प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकेंगी।
ऐप में लोगों के लिए सीधे जुड़ने के कई विकल्प भी दिए गए हैं। लोग डोनाल्ड ट्रम्प को सीधे मैसेज भेज सकते हैं, सवाल पूछने के लिए फॉर्म भर सकते हैं और नियमित अपडेट पाने के लिए सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं।
इसके अलावा ‘ICE टिप लाइन’ फीचर भी शामिल किया गया है, जिससे लोग इमिग्रेशन और कस्टम विभाग को सीधे सूचना दे सकते हैं। व्हाइट हाउस का कहना है कि इस ऐप के जरिए यूजर्स को लाइव वीडियो, तुरंत अपडेट और बिना किसी फिल्टर के जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।





