छत्तीसगढ़देशमध्यप्रदेश

मौसम ने ली करवट: दिल्ली में बारिश, CG-MP समेत कई राज्यों में 8 अप्रैल तक IMD का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को बारिश हो सकती है, जबकि शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। यह असर 8 अप्रैल तक बना रह सकता है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

आने वाले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 3 और 4 अप्रैल को 30 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

नया पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा असर

मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम

रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी मौसम का रुख बदला हुआ है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान में पहले बढ़ोतरी और फिर 1 से 3 डिग्री तक गिरावट के संकेत हैं।

मध्य प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि

मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली। सीहोर, विदिशा, उज्जैन और ग्वालियर में ओले गिरे, जबकि कई इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम बदलाव की वजह

मौसम में बदलाव का मुख्य कारण दक्षिण-पश्चिम पाकिस्तान, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन है। इसके प्रभाव से अप्रैल के पहले सप्ताह में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts