उज्जैन। प्रसिद्ध पार्श्व गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा नव संवत्सर की सुबह बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए और आरती के दौरान तालियां बजाते हुए भगवान की आराधना करते दिखे।
विशाल मिश्रा नववर्ष के अवसर पर शिप्रा नदी के तट पर आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आए हैं। मंदिर के नंदी हाल से उन्होंने भस्म आरती के दर्शन किए। मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत भी किया गया।
शाम को वे मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के किनारे आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों के जुटने की उम्मीद है।





