आईपीएल 2026 के बीच विराट कोहली को लेकर सोशल मीडिया पर एक बड़ी खबर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने चार्टर्ड फ्लाइट की विशेष व्यवस्था की मांग की है। हालांकि अब खुद विराट कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
वायरल पोस्ट में कहा गया था कि कोहली ने टीम मैनेजमेंट से मांग की है कि भारत और लंदन के बीच उनके लिए चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की जाए। साथ ही यह भी दावा किया गया कि अगर किन्हीं 2 मैचों के बीच तीन या उससे ज्यादा दिन का अंतर होता है तो विराट वापस लंदन लौट जाएंगे और अगले मैच से ठीक पहले चार्टर्ड फ्लाइट में सवार होकर वापस भारत आ जाएंगे।
इन दावों पर विराम लगाते हुए विराट कोहली ने खुद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए हंसने वाला इमोजी पोस्ट किया, जिससे साफ हो गया कि यह खबर पूरी तरह फर्जी है।
बता दें कि आईपीएल 2026 में RCB अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। टीम पिछले सीजन की चैंपियन है, ऐसे में इस बार खिताब बचाने की चुनौती भी उसके सामने होगी।
गौरतलब है कि आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ही लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने में सफल रही हैं।





