साउथ सिनेमा के पॉपुलर स्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने लंबे समय से चल रही रिश्ते की चर्चाओं के बीच आखिरकार अपने प्यार को सार्वजनिक कर दिया है। शादी की आधिकारिक घोषणा के बाद दोनों को हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, एयरपोर्ट पर दोनों की अलग-अलग एंट्री जरूर रही, लेकिन चेहरे की मुस्कान ने सब कुछ साफ कर दिया। बाद में उन्हें उदयपुर एयरपोर्ट पर भी देखा गया।
एयरपोर्ट पर दिखा स्टाइलिश अंदाज
रश्मिका ने नीले रंग का पैंट-सूट और सफेद टॉप पहनकर बेहद कॉन्फिडेंट ‘बॉस लेडी’ लुक अपनाया। हाई हील्स और गॉगल्स ने उनके स्टाइल को और निखार दिया। वहीं विजय ब्लैक लेदर कोट, काली पैंट और सफेद शर्ट में नजर आए। उनकी बड़ी मूंछें और रफ-टफ अंदाज उन्हें गैंगस्टर लुक दे रहा था। दोनों का क्लासी और सादगी भरा अंदाज फैंस को खूब पसंद आया।
उदयपुर में शाही शादी की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल 26 फरवरी 2025 को ITC Hotels Mementos Udaipur में शादी के बंधन में बंधेगा। अरावली की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच स्थित यह लग्जरी वेन्यू निजी और भव्य समारोहों के लिए जाना जाता है।
‘VIROSH’ नाम से होगी शादी
दोनों ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनकी शादी को ‘द वेडिंग ऑफ VIROSH’ नाम दिया गया है। यह नाम फैंस ने उनके नामों को मिलाकर सालों पहले बनाया था। कपल ने इसे अपने प्यार का प्रतीक बताते हुए अपनाया है। सोशल मीडिया पर #VIROSH ट्रेंड भी करने लगा।
हैदराबाद में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
शादी समारोह को बेहद निजी रखा जाएगा, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे। इसके बाद 4 मार्च 2026 को हैदराबाद के ताज कृष्णा में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
गौरतलब है कि विजय और रश्मिका की पहली मुलाकात 2018 में फिल्म गीता गोविंदम के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने 2019 में डियर कॉमरेड में साथ काम किया। वहीं से दोनों की नजदीकियों की खबरें आने लगीं, लेकिन उन्होंने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा। अब शादी की घोषणा के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।





