साउथ फिल्म इंडस्ट्री के स्टार विजय देवरकोंडा ने अपनी एक नन्ही फैन से किया वादा पूरा कर सभी का दिल जीत लिया है। कुछ समय पहले एक छोटी बच्ची का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह इस बात से नाराज नजर आई थी कि उसे विजय की शादी में नहीं बुलाया गया।
जब यह वीडियो विजय तक पहुंचा, तो उन्होंने बच्ची को अपने घर आने का न्योता दिया था और कहा था कि वह खुद उसे खाना खिलाएंगे। अब उन्होंने अपना वादा निभाते हुए उस फैन को घर बुलाया और बेहद प्यार से स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विजय बच्ची को गोद में उठाकर घर के अंदर लाते हैं। वहीं रश्मिका मंदाना भी उसे प्यार से खिलाती नजर आती हैं। दोनों ने मिलकर अपने हाथों से उसे खाना परोसा और खूब समय बिताया।
खाना खाने के बाद विजय बच्ची को गोद में लेकर घर में घुमाते भी दिखे, जबकि रश्मिका उसके साथ स्नेह जताती नजर आईं। इस पूरे वीडियो ने फैंस का दिल जीत लिया है और लोग इस कपल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बता दें कि, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को उदयपुर में शादी की थी। शादी से पहले वो कुछ साल तक रिलेशनशिप में रहे थे, पर अपने रिश्ते को सभी से छुपाकर रखा। शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन रखा गया था, जिसमें साउथ और बॉलीवुड के अलावा कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुई थीं।
शादी के बाद रश्मिका और विजय ने कई सामाजिक कार्य किए, रश्मिका और विजय ने दिल्ली के अलावा देश के कई शहरों में मिठाइयां बंटवाई थीं। इसके साथ ही कर्नाटक, असम, उत्तर प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मंदिरों में अन्नदान करवाया था। नन्ही फैन इसी बात से नाराज थी कि रश्मिका और विजय ने उसे न तो शादी में बुलाया और ना ही उसे उनकी शादी के लड्डू खाने को मिले।
फिलहाल, इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे बेहद पसंद कर रहे हैं।





