अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले किए जा रहे हैं, वहीं ईरान भी जवाब दे रहा है। इस सैन्य टकराव के बीच दोनों पक्षों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी भी जारी है।
ईरानी नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद अब ट्रंप ने ईरानी नेताओं को धमकी दी है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘देखो अब क्या होता है।’
ट्रुथ सोशल पर पोस्ट शेयर करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘अमेरिका सैन्य और आर्थिक दोनों ही तरीकों से ईरानी शासन को तबाह कर रहा है। ईरानी नेताओं को मारना मेरे लिए एक सम्मान की बात है।’
अमेरिका ने तेहरान के तेल हब खर्ग द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों पर बमबारी की है। यह द्वीप ईरान के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
ट्रंप ने आगे कहा, ‘ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अब नहीं रही, मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सब कुछ तबाह किया जा रहा है, और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है।’
ट्रंप ने कहा, ‘हमारे पास बेजोड़ मारक क्षमता है, असीमित गोला-बारूद है और बहुत सारा समय है, देखो आज इन लोगों का क्या होता है।’
ट्रंप ने ईरानी नेताओं पर हमला करते हुए लिखा, ‘ईरानी नेता 47 सालों से पूरी दुनिया में बेगुनाह लोगों को मार रहे हैं और अब मैं संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर, उन्हें मार रहा हूं। ऐसा करना कितना बड़ा सम्मान है।’
खर्ग द्वीप पर हमले को लेकर ट्रंप ने कहा, ‘हमारे हथियार दुनिया के सबसे शक्तिशाली और अत्याधुनिक हथियार हैं, लेकिन, शालीनता के लिहाज से मैंने इस द्वीप पर मौजूद तेल के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह से तबाह न करने का फैसला किया है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के स्वतंत्र और सुरक्षित गुजरने में कोई रुकावट डालता है, तो यह फैसला बदला भी जा सकता है।’





