देश का एक सेक्टर ऐसा है जो 2 साल के भीतर सवा 3 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच सकता है. फिलहाल इस सेक्टर में सालाना 7 फीसदी की ग्रोथ दिख रही है. फिक्की-ईवाई एम एंड ई की हालिया रिपोर्ट बताती है कि भारत का मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर सालाना 7 फीसदी की दर से बढ़कर साल 2028 तक 3.3 लाख करोड़ रुपये का बाजार बन सकता है. इंडस्ट्री ने साल-दर-साल 9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की और साल 2025 के अंत तक इसका आकार 2.78 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2025 में डिजिटल मीडिया और एंटरटेनमेंट इस इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सेगमेंट बनकर उभरा है. इसने भी 1 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. इसमें डिजिटल विज्ञापन ने अकेले 26 फीसदी की ग्रोथ के साथ 94,700 करोड़ रुपये का योगदान दिया. कुल विज्ञापन इंडस्ट्री 13.5 फीसदी बढ़कर 1.5 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो भारतीय जीडीपी का 0.41 फीसदी है.
लाइव इवेंट्स में तेज बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक, लाइव इवेंट्स सेगमेंट ने साल 2025 में 44 फीसदी की शानदार ग्रोथ दर्ज की, जिसमें टिकट वाले इवेंट्स, निजी समारोह जैसे शादियां, सरकारी कार्यक्रम और धार्मिक आयोजनों पर ज्यादा खर्च हुआ. डिजिटल सब्सक्रिप्शन से होने वाली कमाई 60 फीसदी बढ़कर 16,300 करोड़ रुपये हो गई. इसमें भारत के 14.3 करोड़ घरों में 21.6 करोड़ पेड वीडियो सब्सक्रिप्शन शामिल हैं, जो प्रीमियम स्पोर्ट्स और फिल्मों को पेवॉल के पीछे लाने से बढ़े हैं.




