महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मुरबाद के गोविली गांव स्थित रायता पुल पर सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जहां एक वैन और सीमेंट मिक्सर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, वैन विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर से टकरा गई, जिससे हादसा बेहद भयावह हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। मृतकों में दो कॉलेज छात्र और मुरबाद तहसीलदार कार्यालय में कार्यरत क्लर्क भूषण घोरपड़े भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वैन में सवार ज्यादातर लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग, पुलिस और इमरजेंसी टीमों को वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और दृश्य देख कई लोग सहम गए।
पुलिस के मुताबिक, मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और फिलहाल ट्रैफिक सामान्य कर दिया गया है।





