T20 World Cup 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 187/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 76 रन से पीछे रह गई।
मैच के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरजे प्रिंसी पारिख द्वारा मिलर के साथ एक वीडियो पोस्ट किया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में वह मिलर के आसपास घूमते हुए ताली बजाती नजर आ रही थीं। कैप्शन में लिखा था, “क्या खिलाड़ी हैं डेविड मिलर!” वहीं वीडियो के अंदर टेक्स्ट था, “मुझे लगा था कि हम दोस्त हैं डेविड!” जिसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गई।
दुष्कर्म की धमकी और बॉडी शेमिंग का आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद आरजे प्रिंसी पारिख ने आरोप लगाया कि उन्हें दुष्कर्म की धमकियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों और बॉडी शेमिंग के कारण उन्हें वीडियो फेसबुक से हटाना पड़ा, हालांकि यह वीडियो अब भी इंस्टाग्राम पर मौजूद है।
पारिख ने यह भी कहा कि वे इन धमकियों को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी। यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर एक नई बहस छेड़ रहा है।





