देश

स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब हर ऑर्डर पर देना होगा ज्यादा पैसा; जोमैटो के बराबर हुई दर

फूड डिलीवरी ऐप से खाना मंगवाना अब और महंगा हो गया है। स्विगी ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है। अब ग्राहकों को प्रति ऑर्डर 14.99 रुपये की जगह 17.58 रुपये देने होंगे, जिसमें जीएसटी भी शामिल है।

इससे पहले जोमैटो भी अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाकर 17.58 रुपये कर चुका है। इस बढ़ोतरी के बाद दोनों कंपनियों की फीस लगभग बराबर हो गई है। इससे पहले स्विगी ने पिछले साल अगस्त में प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा किया था। उस समय प्लेटफॉर्म फीस को प्रति ऑर्डर 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये कर दिया था।

कंपनी ने ऐप पर जानकारी देते हुए कहा है कि “इस बढ़ोतरी का उद्देश्य प्लेटफॉर्म के संचालन और रखरखाव (Operate and Maintain) में मदद करना है.”

ईरान युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में पैदा हुए तनाव से पिछले कुछ समय में एलपीजी (LPG) और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं। इससे फूड डिलीवरी इकोसिस्टम की ऑपरेटिंग कॉस्ट में काफी उछाल आया है। रेस्टोरेंट्स से लेकर डिलीवरी पार्टनर्स तक, सभी पर बढ़ते खर्चों का दबाव है।

पिछले हफ्ते जोमैटो ने अपनी फीस में 19% की बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने अगस्त 2023 में मात्र 2 रुपये से इस फीस की शुरुआत की थी। यह अब बढ़ते-बढ़ते 17.58 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं स्विगी ने भी इस बार करीब 17% की बढ़ोतरी की है।

इस फैसले का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे स्विगी के शेयर 3.39% की तेजी के साथ 281.75 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। वहीं जोमैटो पैरेंट कंपनी इटरनल (Eternal) के शेयर में भी उछाल आया। यह शेयर 4.34% की तेजी के साथ 236.80 रुपये पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, दोनों कंपनियों के शेयर पिछले 6 महीनों में करीब 30% तक गिर चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts