खेल

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद हनुमान मंदिर पहुंचे सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर, ट्रॉफी के साथ किए हनुमान जी के दर्शन

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम का जश्न जारी है। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही पूरे देश में खुशी का माहौल देखने को मिला।

खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान सूर्यकुमार यादव अपने साथ टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी लेकर मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एएनआई ने एक्स पर एक वीडियो जारी की है। वीडियो में सूर्यकुमार यादव, गौतम गंभीर और जय शाह हनुमान मंदिर में नजर आते हैं। सूर्या ट्रॉफी लेकर दर्शन करने आते हैं। ट्रॉफी के साथ भगवान हनुमान के दर्शन करने की यह तस्वीरें और वीडियो क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी चर्चा में हैं।

टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचा है। इससे पहले भारत ने 2024 में साउथ अफ्रीका को हराकर विश्व कप जीता था। अब 2026 में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इसी के साथ भारत टी20 विश्व कप सबसे ज्यादा बार जीतने वाली टीम बन गया है। उनके नाम अब तीन टी20 विश्व कप हो गए हैं।

अगर फाइनल मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में 256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीत लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts