मुंबई: मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने मुंबई के पॉश इलाके वर्ली में एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। यह प्रॉपर्टी उन्होंने अपनी मां शमीष्ठा घोषाल और पिता बिस्वजीत घोषाल के साथ मिलकर खरीदी है।
प्रॉपर्टी दस्तावेजों के अनुसार इस अपार्टमेंट की कीमत 29.70 करोड़ रुपये है। यह घर वर्ली स्थित गोदरेज ट्रिलॉजी में है, जो शहर के प्रीमियम रिहायशी प्रोजेक्ट्स में शामिल है।
अपार्टमेंट की खासियत
इस प्रॉपर्टी का कारपेट एरिया 2,430.06 sq ft यानी 225.76 sq m और कुल एरिया 2,750.28 sq ft है। इसके साथ तीन कार पार्किंग स्पेस भी हैं। इस डील में 1.78 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क शामिल है। रजिस्ट्रेशन 1 अप्रैल 2026 को किया गया।
सेलिब्रिटीज की पसंद बना वर्ली
वर्ली इलाका अब मुंबई के सबसे प्रीमियम लोकेशनों में शामिल हो चुका है। यहां पहले से ही विराट कोहली–अनुष्का शर्मा, शाहिद कपूर–मीरा राजपूत और माधुरी दीक्षित जैसे कई सितारों के आलीशान घर मौजूद हैं।
यह इलाका दक्षिण मुंबई, लोअर परेल, प्रभादेवी और बांद्रा के बाद लग्जरी रियल एस्टेट का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां हाई-एंड रिहायशी टावर, प्रीमियम ऑफिस स्पेस और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है।
करियर की शुरुआत
श्रेया घोषाल ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो ‘सारेगामापा’ जीतने के बाद की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘देवदास’ (2002) से बॉलीवुड में कदम रखा और ‘बैरी पिया’ जैसे गाने से खास पहचान बनाई।
वह हिंदी के अलावा बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और पंजाबी समेत कई भाषाओं में गाने गा चुकी हैं और आज हर वर्ग के श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।





