भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे इन दिनों एक मजेदार वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार सुर्खियों में आने की वजह उनका क्रिकेट नहीं, बल्कि पैपराजी के साथ हुआ एक हल्का-फुल्का वाकया है, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवम दुबे एक बिल्डिंग के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वहां मौजूद पैपराजी ने उन्हें देखकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अचानक कैमरे देखकर दुबे थोड़े चौंक गए और मुस्कुराते हुए पूछने लगे कि आप लोग यहां कैसे पहुंच गए।
जब पैपराजी ने उनकी तारीफ करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “मेरी बीवी आ रही है, उसके साथ वीडियो बना लेना.” उनका यह मजाकिया अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। बाद में उन्होंने हंसते हुए पैपराजी से वीडियो हटाने की बात भी मजाक में कही।
हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में शिवम दुबे ने अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल मुकाबले में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली थी। जिसने टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे थे और टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
वर्ल्ड कप जीतने के बाद दुबे ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी साझा की थीं, जिनमें वह अपने पिता को विजेता मेडल देते नजर आए। उन्होंने लिखा कि उनके जीवन के असली हीरो उनके पिता हैं।
एक और दिलचस्प बात यह रही कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद दुबे ने अहमदाबाद से मुंबई का सफर हवाई जहाज की बजाय ट्रेन से किया। उन्होंने सयाजी नगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा की ताकि जल्दी अपने परिवार के पास पहुंच सकें। इस दौरान उन्होंने टोपी और मास्क पहनकर खुद को पहचान से बचाने की कोशिश भी की थी।
शिवम दुबे का यह सादा और मजेदार अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है, और यही वजह है कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।





