रायपुर। बस्तर के बाद अब सरगुजा में आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आयोजन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार गारंटी दे कि बस्तर जैसा घोटाला सरगुजा ओलंपिक में नहीं होगा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गर्मी और परीक्षा के समय में खेल आयोजन कर युवाओं को परेशानी में डाला जा रहा है। उनके अनुसार ऐसे आयोजन ठंड के मौसम में होने चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा भाग ले सकें।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैज के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि “जिन्होंने पांच साल तक छत्तीसगढ़ को लूटा, वो हमें हमें नसीहत दे, यह शोभा नहीं देता।” उन्होंने बताया कि इस आयोजन के जरिए खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मंच दिया जा रहा है।
सीएम साय ने आगे कहा कि सरगुजा ओलंपिक तीन दिनों का संभाग स्तरीय आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही अंबिकापुर में कृषक सम्मेलन और कुदरगढ़ महोत्सव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें क्षेत्र के किसान और आम लोग शामिल होंगे।





