सैमसंग ने अपने सबसे महंगे और अनोखे ट्राईफोल्ड स्मार्टफोन गैलेक्सी Z ट्राईफोल्ड की बिक्री बंद करने का फैसला लिया है। लॉन्च के करीब तीन महीने बाद कंपनी ने यह बड़ा कदम उठाया है।
इस फोन को सबसे पहले दक्षिण कोरिया में पेश किया गया था और यहीं से इसकी बिक्री बंद की जा रही है। कंपनी का कहना है कि अन्य बाजारों में भी जैसे ही मौजूदा स्टॉक खत्म होगा, इसकी बिक्री पूरी तरह रोक दी जाएगी।
अच्छी डिमांड के बावजूद बंद हुआ फोन
गैलेक्सी Z ट्राईफोल्ड को पिछले साल दिसंबर में लॉन्च किया गया था और इसे ग्राहकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। दक्षिण कोरिया से लेकर अमेरिका तक, हर जगह इसकी बिक्री शुरू होते ही यह कुछ ही मिनटों में आउट ऑफ स्टॉक हो जाता था।
क्यों लिया गया यह फैसला?
इस फोन की बिक्री को बंद करने का फैसला सरप्राइजिंग नहीं है। दरअसल, सैमसंग ने पहले ही साफ कर दिया था कि इस फोन की सेलेक्टेड मार्केट में लिमिटेड सप्लाई ही करेगी। इसके चलते कंपनी ने इसकी कुछ हजार ही यूनिट्स को मैन्युफैक्चर किया था।
सैमसंग ने इस फोन को मास लेवल के लिए लॉन्च नहीं किया था। कंपनी इसके जरिए सिर्फ यह दिखाना चाहती थी कि वह ट्राईफोल्ड फोन बना सकती है। इसके अलावा इस फोन की बिक्री से कंपनी को मुनाफा नहीं हो रहा था। कंपनी को लाखों की कीमत वाले इस फोन की लागत ज्यादा आ रही थी।
अगला मॉडल भी नहीं आएगा
कंपनी ने साफ कर दिया है कि गैलेक्सी Z ट्राईफोल्ड का कोई नेक्स्ट जनरेशन मॉडल भी लॉन्च नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि Huawei के बाद सैमसंग दूसरी कंपनी थी, जिसने ट्राईफोल्ड फोन लॉन्च किया था।





