टीवी, बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा से लोगों को प्रभावित किया है। मशहूर प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल भी उन्हीं में से एक हैं। अपनी मधुर आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली श्रेया घोषाल आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने बहुत छोटी उम्र से ही संगीत की दुनिया में कदम रख दिया था और आज तक हजारों गानों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं।
12 मार्च 1984 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जन्मीं श्रेया घोषाल का बचपन राजस्थान में बीता। संगीत की शुरुआती शिक्षा उन्हें अपनी मां से मिली। श्रेया बताती हैं कि उनकी पहली गुरु उनकी मां ही हैं। उन्होंने महज चार साल की उम्र में संगीत का अभ्यास शुरू कर दिया था और छह साल की उम्र में पहली बार मंच पर प्रस्तुति देकर लोगों को प्रभावित किया।
श्रेया घोषाल को असली पहचान मशहूर रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ से मिली। इस शो में उनकी आवाज ने जजों और दर्शकों को खूब प्रभावित किया। इसी मंच ने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा मौका मिला।
श्रेया के करियर का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली ने उन्हें अपनी फिल्म देवदास में गाने का मौका दिया। बताया जाता है कि भंसाली की मां इस रियलिटी शो को देखती थीं और उन्हें श्रेया की आवाज बेहद पसंद आई थी। उनकी सलाह पर ही भंसाली ने श्रेया को अपनी फिल्म में गाने का अवसर दिया।
फिल्म ‘देवदास’ में श्रेया घोषाल ने पांच गाने गाए थे और सभी गाने बेहद लोकप्रिय हुए। यही नहीं श्रेया घोषाल ने 18 की उम्र में ही नेशनल अवॉर्ड जीत लिया था। और इसके बाद उनका करियर लगातार नई ऊंचाइयों को छूता गया। आज श्रेया घोषाल तीन हजार से ज्यादा गाने गा चुकी हैं और भारतीय संगीत जगत की सबसे लोकप्रिय गायिकाओं में गिनी जाती हैं।




