बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने हाल ही में जमानत मिलने के बाद अपने करियर की एक नई शुरुआत की है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत की घोषणा की है और इस नए सफर के लिए प्रशंसकों से आशीर्वाद मांगा है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में राजपाल यादव ने कहा,
‘हैलो दोस्तों, मैं आपका राजपाल हूं और मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मैं लंबे समय से एक नए अध्याय की शुरुआत की तैयारी कर रहा था। वह पल आ गया है, मुझे आपके आशीर्वाद की जरूरत है। मेरा यूट्यूब चैनल आज से शुरू हो रहा है और इस चैनल का नाम है राजपाल नौरंग यादव।’
उन्होंने आगे अपने चैनल की सोच के बारे में बताते हुए कहा,
‘राजपाल नौरंग यादव यूट्यूब चैनल का मिशन सिर्फ यही है कि बच्चे, बूढ़े, जवान, सभी को एक जैसा मनोरंजन मिले। स्वस्थ रक्त संचार के लिए भरपूर मनोरंजन। यह चैनल आपका है, इसका आनंद लें, इसे खूब शेयर करें और सब्सक्राइब करें।’
चैनल के पहले वीडियो में उनका घर दिखाई दे रहा है, लेकिन पूरा नहीं।
जमानत मिलने के बाद अभिनेता ने अपने फैंस और शुभचिंतकों को धन्यवाद देते हुए एक पोस्ट भी साझा की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था,
‘आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए हार्दिक धन्यवाद।’
राजपाल यादव दो दशकों से अधिक समय से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने हंगामा, भूल भुलैया और चुप चुप के जैसी फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग और यादगार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
गौरतलब है कि चेक बाउंस मामले में उन्हें दिल्ली उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिली थी, जिसके बाद वह तिहाड़ जेल से रिहा हुए। अब वह अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दर्शकों से जुड़ने की तैयारी में हैं।





