क्रांइमछत्तीसगढ़

रायपुर में ज्वेलरी दुकान से 5 लाख के गहने पहनकर भागी महिला, सहेली को बुलाने का बनाया बहाना

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर भागने का मामला सामने आया है। महिला ग्राहक बनकर दुकान में आई और जेवर ट्राई करने के बहाने उन्हें पहन लिया। इसके बाद सहेली को बुलाने का बहाना बनाकर बाहर निकली और फरार हो गई।

पुलिस के मुताबिक कुशालपुर तिरंगा चौक निवासी दुर्गा सोनी की देवपुरी स्थित सतनाम चौक में मां दुर्गा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 12 मार्च 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे एक युवक और एक युवती दुकान पर पहुंचे और सोने का रानी हार खरीदने की बात कही। उस समय दुकान पर दुर्गा सोनी का बेटा पंकज सोनी मौजूद था।

पंकज ने अपने पिता को फोन कर रानी हार मंगवाया। इसके बाद दुर्गा सोनी अपने एक परिचित के साथ दूसरी ज्वेलरी दुकान से हार लेकर पहुंचे और महिला को दिखाया।

ट्राई करने के बहाने पहन लिए महंगे जेवर

खरीदारी के दौरान महिला ने ट्राई करने के नाम पर एक-एक कर कई आभूषण पहन लिए। इनमें करीब 3.45 लाख रुपये का सोने का रानी हार, 1.08 लाख रुपये की सोने की चांद बाली, 19,500 रुपये की सोने की अंगूठी, 16,200 रुपये की चांदी की पायल और 4,300 रुपये की तीन जोड़ी बिछिया शामिल थीं। इन सभी जेवरों की कुल कीमत लगभग 4.93 लाख रुपये बताई गई है।

सहेली को बुलाने का बहाना बनाकर भागी

कुछ देर बाद महिला ने कहा कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी रानी हार खरीदना चाहती है। यह कहकर वह फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर दुकान वालों ने उसके साथ आए युवक से संपर्क किया। युवक ने महिला को फोन किया तो उसने पास की गली में होने और पांच मिनट में आने की बात कही, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।

युवक भागने लगा, कर्मचारियों ने पकड़ा

इस बीच दुकान में मौजूद युवक भी धीरे-धीरे बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। शक होने पर दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया।

घटना की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts