रायपुर। रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के पीछे बने सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। टैंक में उतरे तीन सफाईकर्मियों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आते ही सभी मजदूर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और सत्यम कुमार के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मजदूर का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद हंगामा
घटना के बाद अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी हुई और गुस्साए लोगों ने पथराव भी किया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
लापरवाही के आरोप
मृतकों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाईकर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया। उनका कहना है कि जहरीली गैस की आशंका के बावजूद न तो गैस की जांच की गई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने किसी को अंदर जाने नहीं दिया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।





